राशि खाते में आने के बाद कंपनी में जमा नहीं किया सोना
कंपनी मैनेजर की शिकायत पर कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। गोल्ड लोन ट्रांसफर कराने का झांसा देकर एक दंपती ने फाइनेंस कंपनी से ठगी कर ली। सेक्टर-85 निवासी अशोक गोदारा व पत्नी पूनम के अनुसार कंपनी ने खाते में 9 लाख 45 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोपी दंपती ने इस राशि से लोन राशि चुकाकर अपना गिरवी रखा हुआ सोना छुड़ा लिया, लेकिन लोन राशि लेकर भी अब फाइनेंस कंपनी को सोना नहीं दे रहे हैं। कंपनी मैनेजर के बयान पर कोतवाली थाना पुलिस ने ठगी की एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस को दंपती के खिलाफ शिकायत आरसीपीएल कंपनी के सीनियर लोन मैनेजर जसपाल सिंह ने दी है। आरोप है कि अशोक गोदारा ने 11 दिसंबर को कॉल पर संपर्क कर कहा कि एक्सिस बैंक से गोल्ड लोन लिया हुआ है। लेकिन ब्याज दर अधिक होने के चलते वो कंपनी में लोन ट्रांसफर कराना चाहते हैं। कॉल पर हुई बात के बाद उसी दिन शिकायतकर्ता सेक्टर-85 में अशोक के घर केवाईसी व दस्तावेज वेरिफाई करने गए। वहां अशोक और उनकी पत्नी पूनम से बातचीत हुई जिसमें नियम व शर्तें उन्हें बता दी। 12 दिसंबर को अशोक के एसबीआई खाते में 9 लाख 45 हजार रुपये लोन राशि ट्रांसफर कर दी गई। तय हुआ कि वो एक्सिस बैंक का लोन चुकाकर अपना सोना छुड़ाकर फाइनेंस कंपनी को सौंप देंगे। 13 दिसंबर को एक्सिस बैंक शाखा में शिकायतकर्ता और आरोपी दंपती पहुंचे। आरोप है कि वहां से सोना छुड़ाकर शिकायतकर्ता को सौंपने की बजाय दंपती भाग गए। अशोक को कई बार कॉल की लेकिन उसने जवाब नहीं दिया। उनके घर कंपनी मैनेजर गए तो भी सोना हवाले नहीं किया। तब शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि कोतवाली थाना में दंपती के खिलाफ ठगी की एफआईआर दर्ज की गई है। टीम जांच कर रही है।