हर साल पैदा हो रहे 28 हजार बच्चों के लिए चाहिए अच्छे स्कूल
फरीदाबाद। ‘सरकार ने हाल ही में फरीदाबाद के लिए 2031 का मास्टर प्लान बनाया है। फरीदाबाद का विकास अब पूर्व और दक्षिण पूर्व में यानी ग्रेटर फरीदाबाद में ही हो सकता है क्योंकि उत्तर में दिल्ली है और पश्चिम में अरावली की पहाड़ियां, ऐसे में यही क्षेत्र है जो विकसित हो सकता है। केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने ग्रेटर फरीदाबाद में स्कूल खोल कर यहां भविष्य में होने वाले विकास में योगदान दिया है।’ मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने सेक्टर 98 स्थित डीपीएस स्कूल का शुभारंभ करते हुए यह बात कही।
केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर के स्कूल का शुभारंभ करने आए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में फरीदाबाद की जनसंख्या करीब 14 लाख है। प्रतिवर्ष 2 फीसदी बच्चे पैदा होते हैं यानी 28 हजार। इनकी शिक्षा के लिए स्कूलों की आवश्यकता है। 2031 में फरीदाबाद की अनुमानित आबादी 38 लाख होगी यानी प्रतिवर्ष 76 हजार बच्चे पैदा होंगे। सरकार तो शिक्षा के क्षेत्र में प्रयास कर ही रही है, निजी क्षेत्रों को भी आगे आना होगा, केंद्रीय राज्यमंत्री का स्कूल क्षेत्र की जनता की नई पीढ़ी को शिक्षा देने का काम करेगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह देव प्रसाद भारद्वाज ने कहा कि भारत की शिक्षा संस्कारों में निहित है। 1835 में लॉर्ड मैकाले ने भारतीय संस्कारों को समाप्त करने के लिए आधुनिक शिक्षा प्रणाली लागू की। इस शिक्षा में ज्ञान है लेकिन संस्कार और मूल्य समाप्त कर दिए गए। समय आ गया है कि विद्यालयों में मूल्ययुक्त शिक्षा पद्धति लाई जाए। प्रांत संघ चालक पवन जिंदल ने कहा कि आज स्कूल ऐसी, स्कूल बस ऐसी हो गई हैं लेकिन छात्र और शिक्षक के संबंध समाप्त हो गए। आधुनिक सुविधाएं मिलने के बावजूद छात्रों में हताश है, इसे भारतीय शैक्षणिक पद्धति से ही सही किया जा सकता है।
डीपीएस स्कूल सोसायटी के चेयरमैन ने शिक्षा में गरीबी अमीरी की खाई पर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि डीपीएस सर्व शिक्षा और गुणवत्ता शिक्षा को साथ लाना चाहता है, दिल्ली में जिस तरह शिक्षा दी जा रही है वह सर्वशिक्षा और गुणवत्ता शिक्षा का एक साथ लाना ही है, यही शिक्षा पद्धति लागू किए जाने की आवश्यकता है। राज्यसभा सदस्य चुने गए डॉ. अनिल जैन ने सभी को राम नवमी और नए स्कूल की बधाई दी।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। स्कूल की छात्राओं ने वर दे वीणावादिनी वंदना पर नृत्य कर देवी सरस्वती से शिक्षा का वरदान मांगा। इसके बाद नन्हे मुन्नों में वी वेलकम यू गान पर नृत्य पेश कर मुख्यमंत्री व अन्य मेहमानों का स्वागत किया। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के नारे को सार्थक करने के लिए स्कूल की छात्राओं ने आई राइज नृत्य नाटिका प्रस्तुत की। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, रावनरवीर, विधायक सीमा त्रिखा, मूलचंद, नगेंद्र भड़ाना, टेकचंद, महापौर सुमनबाला और पार्षद सहित अन्य गण्यमान्य मौजूद रहे।