देहात में भी मिलेगी सरकारी स्वास्थ्य सुविधा
फरीदाबाद। दूरदराज के ग्रामीण अंचल और फैक्ट्री श्रमिकों को मेडिकल सेवा के लिए अब सरकारी स्तर पर घर के दरवाजे पर ही मेडिकल सेवा उपलब्ध होंगी। भारत सरकार के परिवार एवं कल्याण मंत्रालय और हरियाणा राज्य सरकार की संयुक्त योजना के तहत यह सुविधा मिलेंगी। इसके लिए बीके सिविल अस्पताल को एक मोबाइल बस उपलब्ध करा दी गई है।
नेशनल मोबाइल मेडिकल यूनिट नामक इस बस में अस्पताल का मेडिकल स्टाफ गांव-गांव जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच करेगा। मोबाइल यूनिट में छोटी मोटी बीमारियों की दवाओं के साथ ही कई प्रकार की जांच की भी सुविधा होगी। जानकारी के अनुसार, बीके अस्पताल प्रशासन को शासन स्तर से ऐसी दो मोबाइल मेडिकल यूनिट मिलनी हैं। इनमें से एक बस शुक्रवार को अस्पताल पहुंच गई। माना जा रहा है कि सोमवार तक दूसरी बस भी अस्पताल पहुंच जाएगी। इस मामले में अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी गुलशन अरोड़ा ने बताया कि जल्द ही मेडिकल यूनिट गांव-गांव जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जांच करने का काम शुरू कर दिया जाएगा। दूरदराज क्षेत्र की फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारी भी इस मेडिकल मोबाइल यूनिट का फायदा उठा सकते हैं।