-आबकारी एवं कराधान अधिकारी की टीम ने ट्रक से की बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना।
तकरीबन 20 दिनों पहले बिछोर थाना के पास आबकारी एवं कराधान अधिकारी नूंह की टीम द्वारा पकड़े गए ट्रक से 86 हजार की नामी कंपनी के ब्रांड की सिगरेट बरामद होने के मामले में बिछौर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब माल के स्रोत और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
जीएसटी अधिकारियों ने 6 फरवरी को एक ट्रक को जांच के लिए रोका था। तलाशी के दौरान अन्य सामान के साथ भारी मात्रा में ‘गोल्ड फ्लेक’ नाम से पैक सिगरेट मिलीं। मौके पर चालक कोई बिल, ई-वे बिल या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद माल को जब्त कर संबंधित विभाग को सूचित किया गया। कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा जब्त खेप का निरीक्षण किया तो सिगरेट के पैकेट नकली बताए गए। कंपनी का कहना है कि उसके पंजीकृत ट्रेडमार्क और नाम से नकली उत्पाद तैयार कर बाजार में उतारना कानूनन अपराध है। शिकायत में बौद्धिक संपदा कानूनों के उल्लंघन के साथ-साथ सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता, 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की मांग की गई है।
ट्रक अरुणाचलेश्वर ट्रांसपोर्ट कंपनी का बताया गया है। इसके प्रधान और क्षेत्रीय कार्यालय आंध्र प्रदेश में स्थित हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि माल किसका है और इसे कहां से लोड किया गया था। बरामद की गई सिगरेट की बाजार में तकरीबन 48 लाख रुपये आंकी जा रही है। थाना बिछौर प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि कंपनी की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।