व्यापार मंडल ने निगमायुक्त के सामने रखी परेशानी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। हरियाणा व्यापार मंडल की मांग पर निगमायुक्त शहर की उन बाजारों का दौरा करेंगे, जिनमें मालिकाना हक लीज धारक दुकानदारों को नहीं मिल पा रहा है। इस प्रकार की फरीदाबाद में लगभग साढे आठ सौ दुकानें हैं।
लीज धारक दुकानदारों को दुकानों का मालिकाना हक देने के लिए सरकार ने योजना बनाई थी। इसके बाद फरीदाबाद के सैकड़ों दुकानदारों को उनकी दुकानों का मालिकाना हक मिल गया था। फरीदाबाद नगर निगम की तरफ से सरकार को भेजी गई रिपोर्ट में इन दुकानों को सड़कों के लिए बाधक बताया था। जिले के करीब 850 लीज दुकानदारों को मालिकाना हक नहीं मिल पाया था। हरियाणा व्यापार मंडल की मांग पर निगमायुक्त ने इस प्रकार के सभी दुकानदारों को तीन एकड़ जमीन पर नई मार्केट बना उनको वहां पर शिफ्ट कर की योजना की संभावना जताई थी। हरियाणा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष राम जुनेजा क्षेत्रों के पदाधिकारियों के साथ निगम आयुक्त से मिले और दुकानों की स्थिति देखकर फैसला लेने का अनुरोध किया। निगमायुक्त धीरेन्द्र खडगटा ने व्यापारियों को प्रस्ताव दिया कि तिकोना मार्केट के पीछे लगभग तीन एकड़ जमीन पर एक नई मार्केट विकसित कर निगम उन सभी साढे आठ सौ दुकानदारों को दुकान देने की योजना पर काम कर रहा है जिनको मालिकाना हक आरओडब्ल्यू के कारण नहीं सौंपा जा सकता।
दुकानदार लंबे समय से अपनी दुकानों के मालिकाना हक के लिए मांग कर रहे हैं। दुकानों का मालिकाना हक मिलने तक हम अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
- दुकानदार प्रेम खट्टर
हम लोगों ने निगमायुक्त से मुलाकात की है। हम लोगों को भरोसा है कि जल्द इसपर फैसला लेकर दुकानदारों को उनकी दुकानों का मालिकाना दिया जाएगा।
- दुकानदार व व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष, राम जुनेजा
—-
दुकानों का दौरा किया जाएगा। इसके बाद ही आगे की योजना तय की जाएगी। अभी दौरे का समय तय नहीं है जल्द ही इसपर फैसला होगा।
- निगम आयुक्त, धीरेन्द्र खडगटा