सिंगापुर में पंच दिखाएगा फरीदाबाद का बॉक्सर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फिलीपिंस में संपन्न हुई प्रोफेशनल बॉक्सिंग टूर्नामेंट (एशियन टाइटल चैंपियनशिप) जीतने के बाद अब सागर नरवत सिंगापुर में अपना पंच दिखाएंगे। यह फाइट 29 मार्च को सिंगापुर में आयोजित होगी। मुकाबले में वह अपने प्रतिद्वंद्वी मलेशिया के लिए केंग फाई की से भिडे़ंगे। सागर ने कहा कि उन्हें खुद पर भरोसा है कि वह फाइट जीत कर देश का नाम विश्व में रोशन करेंगे।
गांव खेड़ी निवासी सागर नरवत अब तक कई राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं। इस बार मुकाबला सिंगापुर के इंडोर स्टेडियम में है। उनका मुकाबला मलेशिया के मशहूर बॉक्सर केंग फाई की के साथ होगा। सागर के भाई नितेश नरवत ने बताया कि इससे पहले सागर फिलीपींस में हुई फाइट में वहीं के मुक्केबाज रेयान मानो को शिकस्त दे चुके है। पिछले वर्ष बॉक्सिंग प्रतियोगिता में वह कई खिताब अपने नाम कर चुके हैं। परिवार को पूरा भरोसा है कि इस बार वह सिंगापुर जीत कर लौटेंगे।