कांवड़ियों ने किया हंगामा, कार के शीशे तोड़
- विरोध में ग्रामीणों ने भी लगाया जाम, पुलिस के समझाने पर खोला
अमर उजाला ब्यूरो
बल्लभगढ़। गांव सुनपेड़ के पास डाक कांवड़ लेने जा रहे कुछ कांवड़ियों ने वहां से गुजर रहे एक कार चालक पर महिला को टक्कर मारने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि युवकों ने बेस बॉल के डंडों से उन्हें पीटा और कार के शीशे भी तोड़ दिए। इसके विरोध में पीड़ित के परिजनों ने रात को सुनपेड़ के पास जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थाना सदर प्रभारी ने लोगों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। पुलिस का कहना है कि उन्हें शिकायत मिली है और इसकी जांच कर रहे हैं।
गांव डीग निवासी ब्रह्मानंद रविवार रात को कहीं से अपने गांव वापस लौट रहे थे। इस दौरान रास्ते में गांव सुनपेड़ के पास से कुछ युवक डाक कांवड़ लेने हरिद्वार जा रहे थे। इस दौरान उनके परिजन भी साथ थे। कांवड़ियों से आगे निकलने के दौरान ब्रह्मानंद की कार के सामने एक महिला आ गई। उसे हटाने के लिए उन्होंने कार का हार्न बजाया तो अचानक महिला गिर गई। टक्कर लगने से हादसा होने का समझ कर कांवड़ियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। आरोप है कि कांवड़ियों ने ब्रह्मानंद को कार से उतारकर पीटना शुरू कर दिया और उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ डाले। इस पर ब्रह्मानंद ने फोन कर अपने परिजनों को वहां बुला लिया। मगर जब तक वे आते तब तक कांवड़िये जा चुके थे। इससे नाराज ब्रह्मानंद के परिजनों ने सुनपेड़ के पास जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थाना सदर बल्लभगढ़ प्रभारी अशोक कुमार ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया और जाम खुलवाया। पुलिस ने ब्रह्मानंद की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।