महिला आयोग सुन रहीं थी शिकायतें, गैंग रेप पीड़िता धरने पर बैठी
फरीदाबाद। एक तरफ सोमवार को प्रदेश की महिला आयोग अध्यक्ष प्रतिभा सुमन महिला संबंधी मामलों की सुनवाई के लिए पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंची थी। वहीं दोपहर को एक सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर बीके चौक पर परिवार सहित धरने पर बैठ गई। इसकी खबर जब पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंची तो वहां अफरातफरी मच गई। महिला को सुनवाई के लिए पुलिस आयुक्त कार्यालय में बुलवा लिया गया, जहां उनकी मुलाकात महिला आयोग की अध्यक्ष प्रतिभा सुमन से करवाई गई। महिला की बात सुनने के बाद आयोग ने एसीपी बल्लभगढ़ अमन यादव को दो सप्ताह में आरोपियों को गिरफ्तार कर उसकी रिपोर्ट आयोग में भेजने के निर्देश दिए हैं।
महिला आयोग की संयुक्त बैंच सोमवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में महिला संबंधी मामलों की सुनवाई के लिए आई थी। इसमें आयोग की अध्यक्ष प्रतिभा सुमन, उपाध्यक्ष प्रीति भारद्वाज, सदस्य रेनू भाटिया शामिल थी। साथ ही स्थानीय विधायक सीमा त्रिखा भी वहां उपस्थित रहीं। रेनू भाटिया के अनुसार आयोग के समक्ष 34 शिकायतें रखी गई थी, जिनमें अधिकांश घरेलू हिंसा की थीं। इसके अलावा कुछ शिकायतें दुष्कर्म व अन्य मामलों की थीं। साथ ही दो शिकायतकर्ता मौके पर खुद पहुंच गए। इनमें से 20 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। चार शिकायतकर्ता पहुंचे ही नहीं तथा बाकी में एक पक्ष आया तो दूसरा नहीं आया। इसके चलते उन्हें भी लंबित कर दिया गया।
पुलिस आयुक्त कार्यालय में सुनवाई चल ही रही थी कि दोपहर को थाना सदर बल्लभगढ़ के एक गांव के साथ लगती कॉलोनी में करीब तीन माह पहले घर में घुसकर डकैती और महिला से गैंगरेप के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज महिला परिवार सहित बीके चौक पर नगर निगम मुख्यालय के बाहर धरने पर बैठ गया। मामले की जांच बल्लभगढ़ महिला सेल कर रहा है। गैंग रेप पीड़िता के धरने पर बैठने की सूचना जैसे ही पुलिस आयुक्त कार्यालय में पहुंची तो महिला व उसके परिवार को वहां बुलवा लिया गया ताकि उनकी बात सुनी जा सके। सीपी आफिस में आयोग ने पीड़ित महिला की पूरी बात सुनी और फिर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसीपी बल्लभगढ़ अमन यादव को दो सप्ताह का समय दिया है। इसके अलावा दो अन्य मामलों में भी आयोजग ने महिला एसीपी पूजा डाबला व एसीपी अमन यादव को कार्रवाई कर 10 दिन में रिपोर्ट सौंपने को कहा है।