संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-8 स्थित निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने मिनिमली इनवेसिव कार्डियक सर्जरी (की-होल अप्रोच) के जरिए 8 वर्षीय बच्ची की जटिल हृदय सर्जरी सफलतापूर्वक की। रेवाड़ी निवासी जेसिका जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित थी और उसे जल्दी थकान व वजन न बढ़ने की समस्या थी।
जांच के दौरान सर्वोदय हॉस्पिटल के डॉ. जय रेलन ने हृदय में दो एट्रियल सेप्टल डिफेक्ट (एएसडी), एक वेंट्रिकुलर सेप्टल डिफेक्ट (वीएसडी) और अन्य जटिलताएं पाईं। इसके बाद डॉ. अनुपम दास ने अपनी टीम के साथ बच्ची की सर्जरी की।
पारंपरिक ओपन हार्ट सर्जरी के बजाय छाती के दाहिने हिस्से में छोटा चीरा लगाकर सभी दोषों को एक ही प्रक्रिया में ठीक किया गया। करीब चार घंटे चली सर्जरी सफल रही और बच्ची की रिकवरी तेजी से हुई। ऑपरेशन के तीसरे दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। विशेषज्ञों के अनुसार यह तकनीक कम दर्द, कम रक्तस्राव और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ सुनिश्चित करती है।