फरीदाबाद। गर्मी की छुट्टियों के दौरान खाली पड़े मकान चोरों के निशाने पर रहे। जिले के विभिन्न इलाकों में चोरी की चार घटनाएं सामने आई हैं। चोर नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और घरेलू सामान लेकर भाग गए। पुलिस ने सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धौज थाना क्षेत्र की सुंदर कॉलोनी निवासी सर्वेश कुशवाहा बच्चों के साथ गांव गए हुए थे। 18 जून को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। कमरे में सामान बिखरा पड़ा और बैग में रखे 13 हजार रुपये गायब मिले। वहीं सेक्टर-21सी स्थित एक कोठी में भी चोरों ने धावा बोला। मकान मालकिन सुभाष रानी के अनुसार 15-16 जून की रात बदमाश दरवाजों के लॉक तोड़कर अंदर घुसे और करीब 70 नल-टोटियां, नया फ्रिज का कंप्रेसर, गीजर और बाथरूम के फुहारे चोरी कर ले गए। ऐसे ही ग्रीनफील्ड कॉलोनी में कथा कार्यक्रम के दौरान मीनाक्षी, उनकी बेटी और दामाद के तीन मोबाइल फोन चोरी हो गए। सेक्टर-46 निवासी लाभ सिंह के घर से तीन मंगलसूत्र, दो सोने के कंगन, दो अंगूठियां, चार जोड़ी चांदी की पायल और 40 से 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। संवाद