एक्सप्रेसवे का काम पूरा करने के लिए 16 मई 2027 की डेडलाइन तय
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। नोएडा इंटरनेशनल जेवर एयरपोर्ट से फरीदाबाद कनेक्ट करने वाले जेवर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। एक्सप्रेसवे का काम पूरा करने के लिए 16 मई 2027 की डेडलाइन एनएचएआई ने तय की हुई है। करीब 3630 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे प्रोजेक्ट का 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
फरीदाबाद के साथ गुड़गांव, दिल्ली, नोएडा व गाजियाबाद को जेवर एयरपोर्ट से सीधा कनेक्ट करने के लिए सिक्स लेन जेवर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य जून 2023 में शुरू किया गया था। इस 31.425 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का करीब सात किलोमीटर हिस्सा यूपी में आता है और बाकी का हिस्सा हरियाणा प्रदेश में आता है। एक्सप्रेसवे फरीदाबाद में सेक्टर 65 के पास से शुरू हो रहा है। यहां पर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को डीएनडी-सोहना एक्सप्रेसवे (दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे लिंक रोड) से जोड़ने के लिए इंटरचेंज बनाया जा रहा है। यहां से करीब आठ किलोमीटर तक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे को एलिवेटेड बनाया जा रहा है, क्योंकि इस हिस्से में फरीदाबाद मास्टर प्लान 2031 के तहत भविष्य में सेक्टर विकसित होने हैं। बाकी के हिस्से को पुस्ता बनाकर सड़क बनाई जा रही है। इसके अलावा गांव बहवलपुर के पास एक्सप्रेसवे डेडिकेटिड फ्रेट कॉरिडोर कॉरिडोर रेल लाइन को पार कर रहा है। यहां पर आठ लेन का रेलवे ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। वहीं गांव मोहना के पास यमुना नदी पर सिक्स लेन पुल का निर्माण हो रहा है। मोहना के पास ही ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे केजीपी एक्सप्रेसवे से कनेक्ट करेगा, जिसके लिए यहां पर इंटरचेंज बनाया जा रहा है। यहां से भी फरीदाबाद के लोगों को एक्सप्रेसवे पर एंट्री-एग्जिट मिलेगी।