वेटिंग लिस्ट में केवल हरियाणा के विद्यार्थियों को ही वेटेज
- वेटिंग लिस्ट के लिए नामित ऑल इंडिया जेनरल कैटेगरी के लिए जगह नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। वेटिंग लिस्ट के तहत कॉलेज स्तर पर किए जा रहे दाखिले में राज्य के विद्यार्थियों को ही वेटेज दिया जा रहा है। विद्यार्थियों को वेटिंग लिस्ट के तहत दाखिला लेने के लिए हरियाणा निवासी होना जरूरी है। दाखिले के लिए सबसे सरल और कारगर मानी जा रही कॉलेज स्तर की दाखिला प्रक्रिया में ऑल इंडिया जेनरल कैटेगरी के विद्यार्थियों के लिए नो एंट्री है। कॉलेज स्तर के स्नातक दाखिला प्रक्रिया में करीब मेरिट लिस्ट प्रक्रिया की तुलना में दोगुनी सीटों पर विद्यार्थियों को दाखिला दिया गया है। जबकि ऑल इंडिया जेनरल कैटेगरी के विद्यार्थियों के लिए दाखिला नोटिफिकेशन में ही कोई सुविधा नहीं दी गई है।
ऑल इंडिया जेनरल कैटेगरी के कई विद्यार्थियों ने वेटिंग लिस्ट के तहत दाखिला न मिलने की शिकायत प. जवाहर लाल नेहरू कॉलेज प्रचार्या से की। कॉलेज प्राचार्या ने दाखिले कमेटी से इस बारे में राय ली। दाखिला कमेटी ने बताया कि कॉलेज वेटिंग लिस्ट के तहत केवल हरियाणा के जेनरल कैटेगरी के विद्यार्थियों को ही दाखिला दिया जा रहा है। ऑल इंडिया जेनरल कैटेगरी को वेटिंग लिस्ट के तहत दाखिले के लाभ से दूर रखा गया है। विद्यार्थियों को दाखिले के लिए हरियाणा के जेनरल कैटेगरी से संबंधित होने पर ही वेटिंग लिस्ट दाखिले का लाभ दिया जा सकता है। विद्यार्थियों की शिकायत रही कि दाखिला प्रक्रिया में पूरी तरह खामियां रही। हाई पर्सेंटेज विद्यार्थी होने के बावजूद उन्हें वेटिंग लिस्ट में रखा गया। नई दाखिला शर्तों में भी उन्हें जगह नहीं दी जा रही है।