फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बुधवार को जिले में टीकाकरण अभियान जारी रहा। इस दौरान 50 केंद्रों पर टीकाकरण के दौरान कुल 712 पैरामेडिकल स्टाफ को टीका लगाया गया। जिले में अब तक 65 फीसदी स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि गुरुग्राम के बाद जिले में सबसे अधिक स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण किया गया है।
16 जनवरी को जिले में पांच केंद्रों से कोरोना से बचाव का टीकाकरण अभियान शुरू किया गया था। पहले दिन प्रदेश में सबसे अधिक 508 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया था। इसके बाद से बुधवार, शनिवार और रविवार को छोड़ कर शेष चारों दिन टीकाकरण अभियान जारी है। हालांकि मंगलवार को गणतंत्र दिवस के कार्यक्रम के कारण जिले में टीकाकरण अभियान रोक दिया गया।
इस कारण बुधवार को अभियान जारी रखा गया। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि अगले एक सप्ताह में शेष सभी स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण पूरा कर लिया जाएगा।
जिले के स्वास्थ्य क र्मी कोरोना के खिलाफ जंग में जितने उत्साहित थे, उतना ही उत्साह कोरोना टीकाकरण में भी देखने को मिल रहा है। घनी आबादी वाले जिले में स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या बेशक कम है, लेकिन हौसले से जंग जीतने में कामयाब हो रहे हैं। यही कारण है कि प्रदेश में दूसरे नंबर पर सबसे अधिक 65 फीसदी स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण जिला स्तर पर हो गया है। शेष लक्ष्य भी आगामी सप्ताह तक पूरा कर लिया जाएगा।
- डॉ. रणदीप सिंह पूनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी