हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। होली के त्योहार पर जिले की सड़कों पर हुड़दंग मचाने वालों और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ पुलिस ने प्लान तैयार कर लिया है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देशानुसार शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले भर में 50 से अधिक स्थानों पर विशेष नाकाबंदी की जाएगी और 70 से अधिक पेट्रोलिंग पार्टियां लगातार गश्त पर रहेंगी। पुलिस ने साफ कर दिया है कि शराब पीकर गाड़ी चलाने, ट्रिपल राइडिंग करने और गाड़ियों पर काली फिल्म लगाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं रमजान का पवित्र महीना भी चल रहा है, इसलिए पुलिस ने नागरिकों से हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की मिसाल पेश करते हुए शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था पुलिस की मुख्य प्राथमिकता है। इसके लिए सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात करने को कहा गया है। सरकारी अस्पतालों में भी विशेष पुलिस बल मौजूद रहेगा। साथ ही क्राइम ब्रांच की टीमें सादे कपड़ों में भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात रहेंगी ताकि असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा सके। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी निगरानी बढ़ा दी है। भ्रामक खबरें या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले पोस्ट डालने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।