फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: शहर में 69 स्ट्रीट वेंडिंग जोन चिह्नित, रेहड़ी-पटरी वालों को मिलेगा तय स्थान

विज्ञापन
विज्ञापन
वेंडरों की आजीविका सुरक्षित होगी, सड़कों पर जाम और अव्यवस्था में भी कमी आने की उम्मीद
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में लंबे समय से अव्यवस्थित रेहड़ी-पटरी कारोबार को व्यवस्थित करने की दिशा में नगर निगम ने अहम पहल की है। निगम प्रशासन ने अब तक शहर में 69 स्ट्रीट वेंडिंग जोन चिह्नित कर लिए हैं जिनके विकसित होने के बाद हजारों फुटपाथ विक्रेताओं को निर्धारित स्थान पर कारोबार करने का मौका मिलेगा। इससे एक ओर जहां वेंडरों की आजीविका सुरक्षित होगी वहीं दूसरी ओर शहर की सड़कों पर जाम और अव्यवस्था में भी कमी आने की उम्मीद है।

फरीदाबाद के एनआईटी, ओल्ड फरीदाबाद, बल्लभगढ़, सेक्टर-15, सेक्टर-16 और बड़खल क्षेत्र जैसे प्रमुख बाजारों और सड़कों पर वर्षों से रेहड़ी-पटरी लगाने का सिलसिला बिना किसी स्पष्ट व्यवस्था के चलता रहा है। सुबह-शाम के समय एनआईटी-1 से 5, बीके चौक, हार्डवेयर चौक और बल्लभगढ़ बस अड्डा क्षेत्र में फुटपाथ और सड़क किनारे खड़े वेंडरों के कारण यातायात प्रभावित होता है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों द्वारा कई बार इस समस्या को उठाया गया है लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल पाया।
विज्ञापन


चरणबद्ध तरीके से सुविधाएं विकसित की जाएंगी

नगर निगम द्वारा चिह्नित किए गए 69 स्ट्रीट वेंडिंग जोन को शहर के अलग-अलग हिस्सों में विकसित किया जाएगा ताकि हर क्षेत्र के वेंडरों को उनके नजदीक ही स्थान मिल सके। अधिकारियों के मुताबिक इन जोन में चरणबद्ध तरीके से आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी जिनमें पेयजल, कूड़ा संग्रहण और साफ-सफाई की व्यवस्था शामिल है। संयुक्त आयुक्त परमजीत चहल ने अधिकारियों के साथ बैठक में निर्देश दिए हैं कि सभी जोन का भौतिक निरीक्षण कर उनकी स्थिति की रिपोर्ट तैयार की जाए। साथ ही नए संभावित स्थानों की पहचान कर सोमवार तक विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है ताकि योजना को तेजी से लागू किया जा सके।

हजारों वेंडरों को मिलेगा फायदा

फरीदाबाद में अनुमानित तौर पर 8 से 10 हजार के बीच छोटे वेंडर और रेहड़ी-पटरी संचालक कार्यरत हैं, जो रोजमर्रा की जरूरतों का सामान लोगों तक पहुंचाते हैं। अभी तक इन वेंडरों को स्थायी स्थान न मिलने के कारण उन्हें बार-बार हटाने की कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। स्ट्रीट वेंडिंग जोन बनने से उन्हें वैध पहचान और सुरक्षित स्थान मिलेगा, जिससे उनकी आय पर सकारात्मक असर पड़ेगा।

ट्रैफिक और अतिक्रमण से मिलेगी राहत

नगर निगम की योजना के तहत मुख्य सड़कों और व्यस्त चौराहों पर बेतरतीब ढंग से खड़े वेंडरों को इन निर्धारित जोनों में स्थानांतरित किया जाएगा। इससे खासकर एनआईटी क्षेत्र, मथुरा रोड, सेक्टर-12-15 डिवाइडिंग रोड और बल्लभगढ़ बाजार में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है। स्थानीय निवासी लंबे समय से फुटपाथ अतिक्रमण और जाम की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे में यह पहल आम लोगों के लिए राहत भरी साबित हो सकती है।
विज्ञापन


निगम की आगे की रणनीति

जिला परियोजना अधिकारी महेंद्र सिंह के अनुसार, 69 जोन की पहचान के बाद अब अगला चरण इन्हें विकसित करने और वेंडरों को व्यवस्थित तरीके से शिफ्ट करने का है। नगर निगम का लक्ष्य है कि स्ट्रीट वेंडिंग एक्ट को पूरी तरह लागू कर फरीदाबाद में फुटपाथ व्यापार को पारदर्शी, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाया जाए। इस पहल को शहर के शहरी प्रबंधन में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है, जिसका सीधा असर आम नागरिकों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें