20 लाख रुपये बरामद व 10.67 लाख कराए फ्रीज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस ने साइबर अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए एक सप्ताह में 67 साइबर ठगी के आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) हिमाद्री कौशिक के मार्गदर्शन में एनआईटी, सेंट्रल और बल्लभगढ़ साइबर थानों की टीमों ने 19 से 25 सितंबर के बीच कार्रवाई कर आरोपियों से 20,33,500 रुपये बरामद किए हैं।
साथ ही पीड़ितों के 10,67,302 रुपये विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराए हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, तीनों थानों की टीमों ने 15 मुकदमों (एनआईटी के छह, सेंट्रल के चार, बल्लभगढ़ के पांच) में ये गिरफ्तारियां की हैं। आरोपियों में देश के अलग-अलग हिस्सों से सक्रिय गिरोह के सदस्य शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पोर्टल पर प्राप्त 500 शिकायतों का भी निस्तारण किया गया। डीसीपी हिमाद्री कौशिक ने बताया कि कानून में डिजिटल अरेस्ट नाम की कोई प्रक्रिया नहीं है। यदि कोई खुद को पुलिस, सीबीआई या ईडी अधिकारी बताकर डराए या पैसे मांगे, तो झांसे में न आएं। किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही ओटीपी या बैंकिंग डिटेल साझा करें।