सोसायटी के लोगों ने खुद भरा बिल, चार दिन बाद आई बिजली
- बिल भरने के बाद भी लाइन जुड़ने में करना पड़ा 5 घंटे अधिकारियों के आदेश का इंतजार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-76 स्थित एडल डिवाइन कोर्ट सोसायटी में चार दिन बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। इससे पहले स्थानीय लोगों ने खुद ही चंदा करके ढाई लाख रुपये एकत्र किए और बिजली का बिल जमा कराया। हालांकि, बिल भरने के बाद भी लोगों को 5 घंटे इंतजार करना पड़ा। इससे लोगों में बिजली विभाग और प्रशासन के खिलाफ रोष है। लोगों का कहना है कि बिल भरने के बाद कितने दिन बिजली मिलेगी, यह उन्हें पता नहीं।
एडल डिवाइन कोर्ट सोसायटी में बिल्डर ने लंबे समय से बिजली का बिल नहीं भरा था। इससे बिजली विभाग का बिल्डर पर लाखों रुपये बकाया हो गया था। इसे देखते हुए 4 दिन पूर्व बिजली विभाग ने सोसायटी का बिजली कनेक्शन ही काट दिया। सोसायटी निवासी अभिषेक तिवारी और मोहित गोयल ने बताया कि सोसायटी में जनरेटर की कोई सुविधा नहीं होने से घरों में पेयजल संकट खड़ा हो गया था। उमस भरी गर्मी में बच्चे, बड़े बुजुर्ग सभी परेशान थे। फ्रिज में रखे फल-सब्जियां भी खराब हो गए थे। यहां रहने वालों को बालकनी में बैठकर गुजारा करना पड़ रहा था।
समस्या से जूझ रहे लोग बिजली निगम अधिकारियों सहित नेता, मंत्री और विधायक सभी से गुहार लगा चुके थे, लेकिन कहीं भी उनकी सुनवाई नहीं है। अंत में लोगों ने स्वयं रुपये इकट्ठे कर करीब ढाई लाख रुपये बिल के भर दिए। लोगों का आरोप है कि दोपहर में बिल भरने के बाद शाम पांच बजे तक बिजली नहीं आई। इस संबंध में बिजली अधिकारियों से बात की तो उन्होंने बताया कि बिल की फाइल उच्च अधिकारियों के पास अनुमति के लिए गई। उसके बाद बिजली आएगी। मोहित ने बताया कि 6 बजे बिजली सप्लाई बहाल हुई। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।