फरीदाबाद। शहर की सड़कों पर उड़ती धूल वायु प्रदूषण की बड़ी वजह बनी हुई है। द एनर्जी एंड रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट (टेरी) की रिपोर्ट के अनुसार, फरीदाबाद में पीएम-10 प्रदूषण में सड़क की धूल की हिस्सेदारी 61 प्रतिशत है। इसके बावजूद धूल नियंत्रण के लिए नगर निगम के पास पर्याप्त मशीनें नहीं हैं।
यहां बड़ी रोड स्वीपिंग मशीनों की जरूरत 26 है, लेकिन उपलब्ध केवल 12 हैं। इसी तरह मध्यम आकार की मशीनों की जरूरत 10 के मुकाबले चार हैं। फिलहाल कुल 16 मशीनें उपलब्ध हैैं। वहीं मोबाइल एंटी-स्मॉग गन की जरूरत 15 के मुकाबले 10 ही हैं। ऐसे में सड़कों से धूल हटाने और उसे हवा में फैलने से रोकने की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
टेरी की रिपोर्ट में सड़क की धूल को पीएम-10 प्रदूषण का सबसे बड़ा स्रोत बताया गया है। इसके अलावा वाहनों से निकलने वाला धुआं और निर्माण एवं विध्वंस गतिविधियों से उड़ने वाली धूल भी प्रदूषण बढ़ाती है। सर्दियों में हवा की गति कम होने और प्रदूषकों के बिखराव में कमी आने से प्रदूषण की समस्या और गंभीर हो सकती है।
-
सर्दियों में भी बना रहता है धूल का असर
रिपोर्ट के अनुसार, पीएम-2.5 प्रदूषण में सड़क और निर्माण की धूल का योगदान गर्मियों में करीब 14 प्रतिशत रहता है, जबकि सर्दियों में यह बढ़कर 15 प्रतिशत हो जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, धूल से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए सड़कों की नियमित मैकेनिकल सफाई, जरूरत के अनुसार पानी का छिड़काव, निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण और खुले में निर्माण सामग्री रखने पर निगरानी जरूरी है। इसके साथ ही नगर निगम को मशीनों की उपलब्धता बढ़ाने और उनके नियमित संचालन की व्यवस्था करनी होगी।
-
26 बड़ी मशीनों की जरूरत है शहर में सड़कों की सफाई के लिए
15 मोबाइल एंटी-स्मॉग गन की जरूरत है
मशीनों से सड़कों की सफाई का लगातार काम चल रहा है। प्रदूषण पर नियंत्रण रखने के लिए पानी का छिड़काव और एंटी स्मॉग गन गन का इस्तेमाल भी किया जा रहा है। पहले के मुकाबले निगम के बेड़े में संसाधन बढ़ गए हैं। आने वाले दिनों में और संसाधन बढ़ेंगे।
अजय पंघाल, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम