फरीदाबाद। साइबर ठगों ने अलग-अलग तरीकों से चार लोगों से करीब 6.05 लाख रुपये की ठगी की है। ठगों ने गैस मीटर अपडेट, क्रेडिट कार्ड पॉइंट रिडीम और चालान चेक करने जैसे बहाने बनाए। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पन्हैड़ा खुर्द निवासी रतन सिंह से गैस मीटर अपडेट के नाम पर 1.35 लाख रुपये ठगे गए। आरोपी ने खुद को अदाणी गैस कर्मचारी बताकर एपीके फाइल डाउनलोड कराई। इससे उनका मोबाइल और व्हाट्सऐप हैक हो गया। केनरा बैंक खाते से सात ट्रांजेक्शन में यह राशि निकाली गई। जैन कॉलोनी निवासी अनुज गुप्ता से क्रेडिट कार्ड के पॉइंट रिडीम कराने के बहाने 1.64 लाख रुपये की ठगी हुई। आरोपी ने खुद को इंडसइंड बैंक का कर्मचारी बताकर फर्जी लिंक भेजा।
ठगी के अन्य मामले
श्याम कॉलोनी निवासी अनिल चौधरी के दो बैंक खातों से 2.41 लाख रुपये निकाले गए। यह ठगी चालान चेक करने के लिए परिवहन एप की एपीके फाइल इंस्टॉल करने के बाद हुई। आदर्श नगर निवासी विनय राजपूत से बैंक कर्मचारी बनकर 1.63 लाख रुपये ठगे गए। आरोपी ने क्रेडिट कार्ड पर हेल्थ इंश्योरेंस बंद कराने और लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया। आरोपी के पास कार्ड से संबंधित कुछ जानकारी पहले से थी। इसके बाद ओटीपी पूछकर क्रेडिट कार्ड से ट्रांजेक्शन कर ली गई।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि सभी शिकायतों पर जांच शुरू कर दी गई है। साइबर पुलिस इन मामलों की गंभीरता से पड़ताल कर रही है। लोगों को ऐसे फर्जी कॉल और संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।