पहले से ही 8 घंटे देरी से चल रही थी ताज एक्सप्रेस, आग की सूचना पर परेशान कई यात्री वापस लौटे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ताज एक्सप्रेस में आग लगने की सूचना से फरीदाबाद स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे लोग परेशान हो गए। पहले से ही करीब 8 घंटे देरी से चल रही ट्रेन में आग लगने के बाद और लेट हो गई। कई मुसाफिर एक्सप्रेस ट्रेनों की राह देखते रहे, जानकारी मिली तो कई लोग वापस लौट गए। सुबह करीब 7:26 बजे पहुंचने वाली ट्रेन फरीदाबाद स्टेशन पर लगभग 6: 30 बजे के बाद पहुंची।
नई दिल्ली से झांसी के बीच चलने वाली 12280 ताज एक्सप्रेस फरीदाबाद स्टेशन पर प्रतिदिन सुबह करीब 7:26 पर पहुंचती है। अन्य दिनों की तरह सोमवार को यात्री स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। ट्रेन 8 घंटे की देरी से चल रही थी। रेलवे स्टेशन पर उद्घोषणा के माध्यम से लोगों को इसकी जानकारी मिली। वहीं कुछ लोग मोबाइल सहित अन्य माध्यमों से ट्रेन की लोकेशन सहित अन्य जानकारी प्राप्त कर रहे थे। शाम करीब साढ़े 4 बजे निजामुद्दीन और ओखला के बीच ट्रेन के तीन डिब्बों में आग की सूचना फैल गई। 8 घंटे से एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे लोग मायूस हो गए। वहींं कुछ लोग वापस लौट गए। फरीदाबाद स्टेशन पर लोग मोबाइल पर सूचना साझा करने लगे। डबुआ कॉलोनी निवासी शोभा ने बताया कि मूलरूप से झांसी की रहने वाली हैं। परिवार के साथ गर्मी की छुट्टियों में घर जाने के लिए 3 जून की टिकट बुक कराई थी। 8 घंटे पहले से ट्रेन लेट थी, अब आग लगने से और परेशानी बढ़ गई है।
रेलवे से मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रेन में आग लगने के कारण करीब 45 मिनट तक ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहा। नई दिल्ली से मथुरा की ओर जाने वाली 6 से अधिक एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन डेढ़ से दो घंटे तक प्रभावित हुआ। इनमें तेलंगाना एक्सप्रेस, जीटी एक्सप्रेस, दूरंताे एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, बांबे राजधानी एक्सप्रेस शामिल हैं।
अधिकारी से बातचीत
रेल में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं लग पाया है, कमेटी इसकी जांच करेगी। घटना के कारण इस रूट की कई ट्रेनें प्रभावित रही हैं। यह अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंची हैं। -दीपक कुमार, मुख्य जन संपर्क अधिकारी, उत्तर रेलवे।