फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण के नए मामलों से इतर मौत के आंकड़े भी नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। बृहस्पतिवार को जिले में सर्वाधिक छह लोगों की मौत हुई। यह अब तक का सर्वाधिक मौत का आंकड़ा रहा है। इसी दौरान स्वास्थ्य विभाग ने 457 नए संक्रमितों की पुष्टि की है। वहीं 557 लोग कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, एसजीएम नगर की रहने वाली 62 वर्षीय, गढ़ी मोहल्ला में रहने वाली 30 वर्षीय, सेक्टर-28 की 74 वर्षीय निवासी व खेड़ीकलां गांव में रहने वाली 62 वर्षीय संक्रमित महिला की मौत हुई है। एनआइटी में रहने वाले 76 वर्षीय और सेक्टर-29 में रहने वाले 75 वर्षीय व्यक्ति की भी मौत हुई है। जिले में 38917 लोग संक्रमित हुए हैं, जबकि 33989 लोग स्वस्थ हुए हैं। वहीं अब 4607 सक्रिय मामले हैं। इनमें से 489 संक्रमितों को अस्पताल में रखा गया है, जबकि 4118 संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा जा रहा है।
जिले के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 88 संक्रमितों की हालत गंभीर है। वहीं 13 संक्रमितों को वेंटिलेटर पर रखा गया है। कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने बताया कि रिकवरी रेट बढ़कर 87.3 फीसदी हो गया है। कोरोना के मामले 81 दिनों में दोगुने हो रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने बृहस्पतिवार को 2246 सैंपल लिए हैं। इनमें से 445 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। अब प्रति एक लाख की आबादी में 17690 सैंपल लिए जा रहे हैं और अब तक 318679 सैंपल लिए गए हैं।