एथलीट विक्रांत ने 400 मीटर की दौड़ 48.74 सेकेंड में पूरी कर बनाया रिकॉर्ड
फरीदाबाद। एथलीट विक्रांत पांचाल ने तीन अलग-अलग प्रतियोगिताओं में रिकॉर्ड जीत दर्ज कर प्रदेश में फरीदाबाद का नाम रोशन किया है। कर्नाटक में संपन्न हुई सीबीएसई नेशनल एथलेटिक प्रतियोगिता में उन्होंने 400 मीटर की दौड़ 48.74 सेकेंड में पूरी की। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय एथलेटिक के सदस्य अमोज जैब के 49.03 सेकेंड के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।
जिला एथलेटिक संघ के कार्यकारी प्रधान सत्यवीर धनखड़ ने बताया कि विक्रांत दयालपुर गांव का रहने वाला है। कर्नाटक के देवांगरी में 11 से 16 नवंबर को हुए प्रतियोगिता संपन्न हुई। विक्रांत ने सीबीएसई नेशनल एथलेटिक प्रतियोगिता में 48.74 सेकेंड में दौड़ पूरी करके नया रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद मेरठ में 16 से 18 नवंबर तक आयोजित इंटर डीपीएस राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भी विक्रांत ने 400 मीटर दौड़ में नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने यह दौड़ 48.02 सेकेंड में पूरी की थी। सोमवार से पंचकूला में शुरू हुई राज्य स्तरी स्कूल एथलेटिक चैंपियनशिप में विक्रांत ने अंडर-19 आयुवर्ग में हिस्सा लेते हुए यह दौड़ 47.95 सेकेंड पूरी कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। आठ दिन के अंतराल पर तीन नए रिकॉर्ड बनाने वाले विक्रांत का 22 नवंबर को गांव दयालपुर में सम्मान किया जाएगा।