रविवार को भी दो घंटे की बरसात से शहर में जलभराव
-कई कालोनियों में घरों के अंदर तक घुस गया बरसात का पानी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। रविवार सुबह हुई मात्र दो घंटों की बारिश से औद्योगिक नगरी में एक बार फिर जलभराव की स्थिति बन गई। वीआईपी सेक्टर 15-16 की सड़कों पर भी कई जगह पानी जमा हो गया। उधर, एनआईटी में कई इलाकों में पानी घरों के अंदर भी घुस गया। एनआईटी क्षेत्र का यह हाल महज 18 मिलीमीटर बारिश में ही हो गया। बल्लभगढ़ और ओल्ड फरीदाबाद क्षेत्र में भी मुख्य सड़कों पर जलभराव की स्थिति बनी रही। छुट्टी का दिन होने के कारण नेशनल हाईवे से लेकर शहर में भी सड़कों पर वाहनों की तादाद कम रही। इसलिए जाम की स्थिति कहीं भी ज्यादा देर तक नहीं रही।
औद्योगिक नगरी में रविवार की सुबह सूरज और बादलों के कारण धूप-छाया के साथ शुरू हुई। करीब साढ़े आठ बजे आसमान में काले बादल उमड़ आए और थोड़ी ही देर में तेज बारिश शुरू हो गई। आधे घंटे तेज बरसात के बाद बारिश कभी थमती तो कभी बूंदाबांदी का रूप ले लेती। कृषि विभाग के मुताबिक फरीदाबाद ब्लॉक में 18 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इस बारिश से शहर का हाल यह हुआ कि प्रशासनिक अधिकारियों की रिहाइश वाले वीआईपी सेक्टर 15 और 16 की सड़कों पर पानी भर गया। यहां की मुख्य सड़कों में दोनों ही ओर जल निकासी के लिए नालियां या रेन वाटर ड्रेनेज सिस्टम नहीं है।
नेशनल हाईवे पर नीलम चौक अजरौंदा मेट्रो स्टेशन से नीलम पुल के बीच दोनों ओर जलभराव की स्थिति रही। हालांकि यहां से जल निकासी का प्रबंध भी किया गया था फिर भी पानी का ठहराव काफी देर तक रहा। रविवार की छुट्टी होने के कारण वाहनों का दबाव भी कम था बावजूद इसके यहां यातायात रुक-रुककर चला। एनआईटी एक, दो, तीन और पांच के रिहायशी इलाकों में सड़कें टखनों तक जलमग्न हुईं। एनआईटी तीन ई ब्लॉक में कई घरों में पानी घुसा। सबसे ज्यादा खराब हालात ओल्ड रेलवे स्टेशन के सामने वाली रोड के रहे। यहां बरसाती पानी के अलावा नालियों और सीवर से ओवरफ्लो हुआ गंदा पानी सड़क पर शाम तक जमा रहा। स्टेशन होने के कारण इस रोड पर वाहनों की आवाजाही भी ज्यादा थी। इस कारण दिन में कई बार जाम की स्थिति बनी।
ओल्ड फरीदाबाद रेलवे अंडर पास में भी पानी जमा हुआ, लेकिन रास्ता बनाने के लिए इसे मोटर लगाकर जल्द ही साफ करवा दिया गया। बल्लभगढ़ ब्लॉक में 21 मिलीमीटर और छांयसा ब्लॉक में 15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बल्लभगढ़ में सबसे ज्यादा बुरा हाल बस अड्डे के सामने वाली सड़क का रहा, बारिश खत्म होने के कई घंटे बाद तक यहां पानी का जमाव रहा जलभराव के कारण यहां बाजार देर से खुली और दुकानदार पानी निकासी की तरकीबें करते दिखे। बड़खल-अनखीर रोड, सैनिक कॉलोनी मोड़ के पास भी जलभराव की स्थिति बनी रही। मुख्य सड़कों पर पानी की निकासी में नगर निगम का अमला दोपहर तक जुटा रहा।