बहादुरगढ़ के ध्यानार्थ
ट्रेनों की चपेट में आने से दो लोगों की मौत
अन्य हादसे में एक यात्री ट्रेन से गिरकर मरा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दो स्थानों पर रेलवे लाइन पार करने के दौरान ट्रेनों की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक यात्री ट्रेन से गिरकर मर गया। दो मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल में शव रखवा दिए हैं और उनकी पहचान में जुटी है।
शनिवार सुबह ओल्ड फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के पास लाइन पार करते समय एक वृद्ध की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची राजकीय रेलवे पुलिस ने शव को रेलवे लाइन से हटवाया। पुलिस ने ट्रैक के आसपास रहने वाले लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, मगर वृद्ध की शिनाख्त नहीं हो पाई।
दूसरा शव लकड़पुर रेलवे फाटक के निकट मिला। मृतक की उम्र करीब 42 वर्ष है, जिसके बाएं हाथ पर जितेंद्र व रीता गुदे हुए हैं। काली टी-शर्ट व जींस पहनी हुई थी। पुलिस ने मौके से एक मोबाइल भी बरामद किया है। पुलिस मोबाइल के आधार पर शव की पहचान करने में जुटी हुई है। माना जा रहा है कि युवक की मौत ट्रेन से गिरकर हुई होगी।
इसके अलावा शुक्रवार रात न्यू टाउन रेलवे स्टेशन पर लाइन पार करते वक्त एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान बहादुरगढ़ निवासी दीपक के रूप में हुई, जोकि यहां मजदूरी करता था।