मेट्रो के अजरौंदा डिपो स्टाफ क्वार्टर में पौधरोपण किया
- फरीदाबाद और गुरुग्राम के स्कूलों के विद्यार्थियों ने रोपे पौधे
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन की ओर से बुधवार को अजरौंदा डिपो स्थित स्टाफ क्वार्टर में पौधरोपण अभियान चलाया गया। स्वच्छ चेतना-डीएमआरसी इको क्लब की ओर से आयोजित अभियान में औद्योगिक नगरी और गुरुग्राम के कई स्कूलों के विद्यार्थियों ने पौधरोपण किया।
पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक मंगू सिंह ने बताया कि दिल्ली मेट्रो पर्यावरण संरक्षण के प्रति हमेशा से सचेत है। इस मौसम में बीस हजार पौधे लगाए जाएंगे। डीएमआरसी पौधरोपण की इस पहल में और ज्यादा स्कूलों को शामिल करेगी क्योंकि पर्यावरण के प्रति जागरूक छात्र समाज को स्वच्छता और पर्यावरण सरंक्षण के प्रति जागरूक करेंगे। डीएमआरसी की ओर से स्कूलों में कठपुलती कार्यक्रमों के जरिए बच्चों को ट्रेन, मेट्रो आदि से यात्रा के दौरान अनुशासन सिखाने का काम किया जा रहा है। कार्यक्रम में डीसी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल फरीदाबाद, श्रीराम स्कूल मौलसरी और श्रीराम स्कूल अरावली के विद्यार्थियों के साथ डीएमआरसी के आला अधिकारियों ने पौधरोपण किया।
---ऐहतेशाम---