पॉलिथीन का इस्तेमाल करने पर वसूला जुर्माना
फरीदाबाद। स्वच्छता रैंकिंग में टॉप 200 से बाहर होने के बाद अब निगम प्रशासन शहर को स्वच्छ बनाने के लिए सक्रिय हो गया है। इसके तहत मंगलवार को ओल्ड फरीदाबाद क्षेत्र में पॉलिथीन विरोधी अभियान चलाया गया। निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर ने ओल्ड फरीदाबाद और सेक्टर 37 की मार्केट में छापामारी कर दुकानदारों के चालान काटे। निगम ने 41,500 रुपये का जुर्माना वसूला।
सेनेटरी इंस्पेक्टर राजेंद्र दहिया ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत शहर में पॉलिथीन कैरी बैग के इस्तेमाल पर पाबंदी है। जनवरी फरवरी माह में इसके लिए जागरूकता अभियान भी चलाया गया था। दुकानदारों ने दोबारा पॉलिथीन कैरीबैग का इस्तेमाल शुरू कर दिया। निगम आयुक्त ने पॉलिथीन बनाने, बेचने और इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने का आदेश जारी किया है। इसके तहत संयुक्त आयुक्त आशुतोष राजन के नेतृत्व में पॉलिथीन चालान अभियान चलाया गया सबसे पहले टीम ओल्ड फरीदाबाद मार्केट गई, यहां कई दुकानदार पॉलिथीन में लोगों को सामान देते हुए पकड़े गए। इसके बाद टीम सेक्टर 37 स्थित मार्केट गई जहां पर कई दुकानदारों के पॉलिथीन कैरी बैग को जब्त कर चालान किया गया। मंगलवार को किये गए चालन में निगम के पास 41,500 रुपये आए। राजेंद्र दहिया ने बताया कि यह अभियान लगातार चलाया जाएगा।