20 जून को सेक्टर-12 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पूर्वाभ्यास में 1000 प्रतिभागी लेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में पांच हजार छात्र-छात्राएं भाग लेंगी। इस उपलक्ष्य में 20 जून को सेक्टर-12 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पूर्वाभ्यास (रिहर्सल) का आयोजन किया जाएगा, जिसमें करीब एक हजार प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इस आयोजन के लिए प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर विशेष प्रबंध किए गए हैं। प्रतिभागियों को समय पर पहुंचाने के लिए अजरौंदा, बरौली और ओल्ड फरीदाबाद से कुल 18 बसें चलाई जाएंगी। हर स्थान से छह-छह बसों की व्यवस्था की गई है।
21 जून को सुबह 5:00 बजे विभिन्न स्कूलों और स्थानों से प्रतिभागियों को लाने के लिए कुल 103 बसें चलाई जाएंगी। प्रशासन और शिक्षा विभाग ने मिलकर यह व्यवस्था सुनिश्चित की है, ताकि लगभग पांच हजार छात्र-छात्राएं समय पर कार्यक्रम स्थल सेक्टर-12 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स पहुंच सकें।
सहायक जिला शिक्षा अधिकारी (खेल) हरवीर सिंह ने बताया कि योग दिवस के लिए जिले भर से छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। हमारा उद्देश्य है कि बच्चों को योग के महत्व से जोड़ा जाए और उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाया जाए। रिहर्सल और आयोजन दोनों के लिए पूरी तैयारियां हो चुकी हैं। स्कूलों, अध्यापकों और प्रशासन का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। योग दिवस का यह कार्यक्रम छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों, एनएसएस, एनसीसी कैडेट्स और खेल विभाग की टीमों की मौजूदगी में बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
यहां से चलेंगी बसें
सराय ख्वाजा सीनियर सेकेंडरी स्कूल से 20 बसें, ओल्ड फरीदाबाद के जीएसएसएस और जीजीएसएसएस से 10-10, अजरौंदा से 8, बरौली से 5, बल्लभगढ़ के बालक और बालिका स्कूलों से 12-12, सेक्टर-10 से 8, सेक्टर-7 से 6, सेक्टर-8 से 4, और सिही सेक्टर-8 से 8 बसें। इन सभी बसों की निगरानी शिक्षा विभाग की ओर से की जाएगी, ताकि सभी प्रतिभागी समय पर और सुरक्षित पहुंच सकें।