- अलग-अलग बहाने बनाकर की गई ठगी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 5 लोगों से 33.32 लाख रुपये ठग लिए। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।पहले मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को दी शिकायत में बल्लभगढ़ निवासी प्रेम सिंह ने दी है। इनके पास एक नंबर से कॉल आया और आरोपी ने लोन दिलाने का दावा किया। आरोपी ने अपनी आईडी भी शिकायतकर्ता को व्हाट्सएप पर भेजी। शिकायतकर्ता ने झांसे में आकर अपने दस्तावेज व्हाट्सएप कर दिए तो आरोपी ने अप्रूवल लैटर भेजकर अलग-अलग चार्ज के नाम पर 30606 रुपये ट्रांसफर करा लिए। दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को दी शिकायत में ओमप्रकाश का कहना है कि 6 मार्च को एक नंबर से कॉल आई और आरोपी ने बैंककर्मी बनकर कहा कि आपका एसबीआई क्रेडिट कार्ड बंद हो गया है। उसे चालू करने के नाम पर आरोपी ने व्हाट्सएप पर लिंक भेजा। लिंक से एप डाउनलोड करने के बाद शिकायतकर्ता के खातों से 48,500 रुपये कट गए।
तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को दी शिकायत में बसेवला कॉलोनी के शिवम सिंह का आरोप है कि 8 मार्च की सुबह इनके पिता के नंबर पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने परिचित त्यागी बनकर बात की और इनके खाते में रुपये ट्रांसफर करने के फर्जी मैसेज भेजकर 25 हजार रुपये ठग लिए।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत सेक्टर-21 के रहने वाले संतोष कुमार ने दी है। इनका आरोप है कि इनके क्रेडिट कार्ड से जानकारी के बगैर ही 87219 रुपये की ट्रांजेक्शन हो गई। 10 फरवरी को ये फर्जी ट्रांजेक्शन होने का आरोप लगाया गया है।
पांचवें मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत सेक्टर-48 के रहने वाले मोहम्मद खलीलउल्ला ने दी है। इनका कहना है कि 1 फरवरी को व्हाट्सएप पर मैसेज आया जिसमें आरोपी की कंपनी के जरिये शेयर बाजार में निवेश पर बेहतर रिटर्न का झांसा दिया गया। शिकायतकर्ता ने 2 फरवरी से 6 मार्च के दौरान 3141500 रुपये निवेश कर दिए। बाद में रिफंड नहीं मिला तो ठगी का अहसास हुआ।