फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग की ओर से सोमवार को कोरोना बचाव के लिए मेगा वैक्सीनेशन ड्राइव (व्यापक कोरोना बचाव टीकाकरण) चलाया गया। इसमें कुल 47 सेशन में स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में टीकाकरण किया गया। सोमवार को कुल 4656 लोगों ने मेगा अभियान में टीकाकरण कराया। इसमें स्वास्थ्य कर्मी और फ्रंटलाइन वर्कर सहित स्वास्थ्य कर्मी शामिल रहे।
टीकाकरण के नोडल अधिकारी डॉ. रमेश ने बताया कि सोमवार को स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की पहली डोज लेने का अंतिम मौका दिया गया। सोमवार को 1191 स्वास्थ्य कर्मियों और 255 फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीके की पहली डोज दी गई। वहीं, 3465 स्वास्थ्य कर्मियों को टीके की दूसरी डोज दी गई। उन्होंने बताया कि जिले के 20 फीसदी स्वास्थ्य कर्मियों ने कोरोना टीकाकरण की पहली डोज भी नहीं ली थी। उनका टीकाकरण करने के लिए फोन कर वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित किया गया। ऐसे में सोमवार को 936 स्वास्थ्य कर्मियों ने कोरोना बचाव के लिए वैक्सीन की पहली डोज लगवाई।
डॉ रमेश ने बताया कि फ्रंटलाइन वर्कर में से पुलिस विभाग के 90 प्रतिशत जवान पहली डोज लगवा चुके हैं। पंचायती राज व सीआरपीएफ के भी 90 फीसदी स्टाफ ने टीकाकरण करा लिया है। नगर निगम के लगभग साढ़े तीन हजार कर्मचारियों ने पंजीकरण कराया है।