जिले के 829 कुकों को किया जाएगा एक करोड़ का भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राजकीय विद्यालयों में काम करने वाले मिड-डे मील कुक-कम-हेल्परों के लिए राहत भरी खबर है। हरियाणा सरकार ने अप्रैल और मई 2026 के लिए उनका मानदेय जारी कर दिया है। फरीदाबाद जिले के लिए कुल करीब 99.48 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं, जिससे यहां कार्यरत 829 कुकों को भुगतान किया जाएगा।
ये कर्मचारी रोजाना स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करते हैं लेकिन कई बार मानदेय में देरी होने से उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। अब सरकार द्वारा राशि जारी होने से उम्मीद है कि उन्हें समय पर उनका मेहनताना मिल सकेगा। जारी बजट में प्राथमिक विद्यालयों के कुकों के लिए करीब 64.08 लाख रुपये और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए करीब 35.40 लाख रुपये तय किए गए हैं। शिक्षा विभाग द्वारा आदेश दिए गए हैं कि कि यह राशि जल्द से जल्द संबंधित कर्मचारियों तक पहुंचाई जाए, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस फैसले से कुकों को सीधा फायदा मिलेगा। उन्हें घर का खर्च चलाने, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरतों को पूरा करने में राहत मिलेगी।