एक ही रात में नौ दुकानों के ताले तोड़े
फरीदाबाद। शहर में अलग-अलग दो थाना क्षेत्रों में चोरों ने एक एटीएम सहित नौ दुकानों में चोरी और चोरी का प्रयास किया। सेक्टर-सात थाना क्षेत्र में चोरों ने एक एटीएम में चोरी का प्रयास किया, जबकि तीन दुकानों से हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। इसी तरह थाना डबुआ क्षेत्र से चोरों ने पांच दुकानों से हजारों रुपये का सामान व नकदी चोरी कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सेक्टर-7 थाना क्षेत्र स्थित वाईएमसीए चौक के पास मार्केट में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) का एटीएम लगा हुआ है। रात को गार्ड एटीएम बूथ बंद करके घर चला गया। रात को चोर एटीएम का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया, मगर वे कामयाब नहीं हो सके। इसके बाद चोरों ने एटीएम के पास में ही स्थित जितेंद्र की जेके मोटर्स नामक दुकान में सेंधमारी की। चोर जितेंद्र की दुकान में रखे नौ हजार रुपये चुरा ले गए। इसके साथ ही अजय कुमार का कोरियर का काम है। चोरों ने उनके ऑफिस में भी सेंध लगाई और वहां से 20 हजार रुपये और एलआईसी एजेंट नगेंद्र के कार्यालय से 12 हजार रुपये चुरा लिए। बृहस्पतिवार सुबह जब ये लोग अपनी दुकान और कार्यालय पर पहुंचे तो उन्हें घटना के बारे में पता चला। थाना सेक्टर-सात पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसी तरह चोरों ने नंगला और गाजिपुर रोड पर स्थित पांच दुकानों को अपना निशाना बनाया। नंगला रोड निवासी योगेश गोयल ने बताया कि घर के पास ही उनकी महाबीर ट्रेडिंग के नाम से किराना सामान की दुकान है। बुधवार रात को वे दुकान बंद कर घर चले गए थे। सुबह जब आए तो देखा कि दुकान का शटर टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान फैला हुआ था। योगेश गोयल ने बताया कि चोर उनकी दुकान से हजारों रुपये नकदी और करीब सवा लाख रुपये का किराना का सामान चोरी कर ले गए। चोरी की वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कैमरे में चोरों की संख्या पांच दिखाई दे रही है। इसी तरह चोरों ने भड़ाना चौक स्थित दिनेश गोयल की किराने की दुकान, वीआईपी मेडिकल स्टोर सहित दो अन्य दुकानों से भी चोर हजारों रुपये नकदी व सामान चुरा कर ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले ली है। हालांकि कैमरे से बचने के लिए चोरों ने हेलमेट पहन रखा है और मुंह पर कपड़े बांधे हुए हैं। इसके अलावा चोरों ने मंगलवार रात चावला कॉलोनी स्थित प्रदीप कुमार की किराना दुकान से आठ हजार रुपये नकद के अलावा, ड्राइफ्रूट व देसी घी के टीन चोरी कर लिए।