18 से 24 जनवरी के बीच की गई कार्रवाई, 26 लाख 79 हजार रुपये बरामद किए
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगी के अलग-अलग 17 मामलों की जांच करते हुए पुलिस ने 41 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 18 से 24 जनवरी के दौरान इन आरोपियों को पकड़ा गया है। इनके पास से पुलिस ने 26 लाख 79 हजार 58 रुपये बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि इनसे पूछताछ में 908 शिकायतों का निस्तारण किया गया है। इसके साथ ही बैंक खातों में 6 लाख 28 हजार 342 रुपये पुलिस ने फ्रीज करा दिए हैं।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि इन 17 दर्ज मामलों में 7 केस साइबर क्राइम थाना एनआईटी, 8 केस सेंट्रल के और 2 केस बल्लभगढ़ साइबर थाने के हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम की ओर से लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। आजकल शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर, क्रेडिट कार्ड चालू करने, क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के माध्यम से ठगी हो रही है। डिजिटल अरेस्ट की धमकी देकर भी साइबर ठगी की जा रही है, जिसमें ठग पुलिस, कस्टम विभाग, आयकर विभाग, सीबीआई आदि सरकारी विभागों के अधिकारी बनकर लोगों को किसी न किसी झूठे मामले में फंसाने का डर दिखाते हैं।
पुलिस की ओर से शहर के लोगों से अपील की गई है कि डिजिटल अरेस्ट का किसी भी कानून में कोई भी प्रावधान नहीं है। अगर किसी के साथ साइबर ठगी हो जाती है तो तुरंत 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करें। ऑनलाइन भी वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत कर सकते हैं।