फरीदाबाद। नशामुक्त समाज का संदेश देने के उद्देश्य से शनिवार को सेक्टर-66 में नशे से रहो दूर, जीवन जियो भरपूर अभियान के तहत दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जिले के करीब 20 स्कूलों के लगभग 400 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
विभिन्न वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया। सेंट एपीजे स्कूल बल्लभगढ़ और सत्या स्पोर्ट्स फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में प्रतियोगिता का शुभारंभ हरियाणा सरकार के प्रवक्ता बिजेंद्र नेहरा ने किया। इस अवसर पर नेहरा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल ही नशे की सबसे बड़ी दवा है। वहीं खेल मीडिया प्रभारी सत्यवीर धनखड़ ने कहा कि जब युवा मैदान में पसीना बहाएगा तो नशे के लिए उसके पास समय ही नहीं बचेगा। समापन समारोह में समीर कंसल और गौरव गोयल ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए जैनिथ अस्पताल बल्लभगढ़ और अपोलो केयर अस्पताल की मेडिकल टीम भी मौके पर मौजूद रही। संवाद