सेवानिवृत्त शिक्षिका की पुत्रवधू ने मायके जाने के लिए गहने निकालने चाहे तो चोरी का पता चला
घर में काम करने वाली तीन घरेलू सहायिकाओं पर जताया शक
भूपानी थाना पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-87 की सोसाइटी के फ्लैट से लगभग 40 तोले सोने के आभूषण होने का मामला सामने आया है। महिला मायके जाने से पहले बॉक्स चेक करने लगी तो आभूषण चोरी होने का पता चला। चोरी का शक घर में काम करने वाली तीन घरेलू सहायिकाओं पर लगाया गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि भूपानी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोसाइटी के सीसीटीवी कैमरों को भी चेक करेगी।
पुलिस को ये शिकायत एसआरएस रॉयल हिल्स सोसाइटी निवासी प्रभजोत सिंह बत्रा ने दी है। ये प्राइवेट नौकरी करते हैं। 10 जनवरी 2021 को इनकी शादी सुपरनजीत कौर से हुई थी। पत्नी को इन्होंने व परिवार वालों ने शादी में सोने के आभूषण गिफ्ट किए थे। शिकायतकर्ता की मां परमिंदर बत्रा 31 दिसंबर 2024 को पलवल में एक स्कूल से सेवानिवृत्त हुई थी। उन्होंने भी सुपरनजीत कौर को जनवरी में सोने का कड़ा गिफ्ट किया था। लगभग 40 तोले सोने के आभूषण पत्नी के पास थे ।
शिकायतकर्ता का कहना है कि पत्नी सुपरनजीत कौर ने 2 फरवरी को ही आभूषणों का बॉक्स चेक किया था। 12 फरवरी को मायके जाने के लिए बॉक्स चेक किया तो आभूषण उसमें नहीं थे। आरोप है कि इस दौरान इनके घर में तीन घरेलू सहायिका सीमा, जया व अपसाना ने काम किया था। उन पर भी चोरी का शक जताया गया है। मामले में शिकायत पुलिस को दी। जिस पर अब भूपानी थाना में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई है।