आरोपियों ने राशि दोगुनी करने का झांसा देकर रुपये ट्रांसफर कराए
साइबर क्राइम थाना एनआईटी में एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। टेलीग्राम पर ऑनलाइन गेमिंग का झांसा देकर संपर्क करने के बाद डबुआ कॉलोनी निवासी राजेश खत्री से 3.66 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप है कि राशि दोगुनी करने का झांसा देकर प्रीपेड टास्क के तहत ठगों ने रुपये ट्रांसफर करा लिए। लेकिन बाद में न मुनाफा मिला और न ही जमा कराए गए रुपये मिले। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ठगी की ये शिकायत देने वाले राजेश खत्री ने पुलिस को बताया कि जनवरी 2025 में उन्हें टेलीग्राम एप पर ऑनलाइन गेम खेलने का ऑफर दिया गया। इसमें उन्हें एक टास्क के तहत 59 हजार रुपये जमा कराने को कहा गया। आरोपियों ने दावा किया कि आपकी राशि दोगुनी हो जाएगी। फिर 91 हजार रुपये जमा करने को कहा। जब अपने जमा कराए गए रुपये मांगे तो आरोपियों ने 2.16 लाख जमा कर टास्क पूरा करने को कहा। रुपये न मिलने के डर से 2.16 लाख रुपये भी जमा कर दिए। इस तरह 3.66 लाख जमा करने के बाद जब रिफंड के लिए कहा तो आरोपी बोले कि अभी टास्क पूरा नहीं हुआ है। टास्क पूरा करने के नाम पर 2.60 लाख और जमा करने को कहने लगे। लेकिन पीड़ित समझ गए कि साइबर ठगी हुई है। शिकायत पर अब एफआईआर दर्ज कर साइबर क्राइम थाना की टीम ने जांच शुरू की है।
मार्केटिंग एजेंसी संचालक से ठगी
मार्केटिंग एजेंसी संचालक रवि ग्रोवर से संपर्क कर विदेशी नागरिक रेफ मार्टिंस ने एजेंसी की डिजिटल मार्केटिंग सेवा लेने के बारे में बात की। 6 जनवरी 2025 को संपर्क कर आरोपी ने कहा कि वो 1890 रुपये की पेमेंट डिजिटल वॉलेट प्लेटफॉर्म से भेज रहा है। लेकिन पेमेंट नहीं मिली तो आरोपी ने विदेशी डिजिटल वॉलेट कंपनी के भारतीय कस्टमर केयर नंबर मुहैया कराए। नंबर पर संपर्क किया तो कहा गया कि आपको वॉलेट रिचार्ज करना पड़ेगा। इस बहाने से आरोपी ने 1.13 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है।