दिल्ली की तर्ज पर हरियाणा के जिलों में भी लोगों को सस्ते दाम पर प्याज मिलेंगे। राज्य सरकार के आदेश पर जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने प्याज बेचने की तैयारी शुरू कर दी है। राष्ट्रीय कृषि सहकारी विपणन संघ लिमिटेड (नैफेड) से करीब 250 क्विंटल प्याज की शहर में आपूर्ति की गई है। जिससे राशन डिपो के माध्यम से राशनकार्ड धारकों को 31 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बेचा जाएगा।
बाजार में प्याज के दाम लगातार आसमान छू रहे हैं। शहर की सबसे बड़ी डबुआ मंडी में गुरुवार को थोक के प्याज 56 रुपये प्रति किलो बेचे गए। वहीं खुदरा बाजार में प्याज की कीमत 80 तक पहुंची गई है। डबुआ मंडी के थोक विक्रेता हर्ष आहुजा ने बताया कि शहर में प्रति दिन 250 क्विंटल प्याज की मांग है। महाराष्ट्र, गुजरात, नासिक क्षेत्र में भारी बारिश के चलते इस बार प्याज की फसल बर्बाद होने से आपूूर्ति कम हो गई है।