बिना लाइसेंस मांस बेचने ले जाने का आरोप, मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड थाना क्षेत्र में पुलिस ने 35 किलो ऊंट का मांस बरामद कर दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है। पुलिस के अनुसार 20 मई को गश्त के दौरान एएसआई गजेश कुमार को ईआरवी-209 से सूचना मिली थी कि इंतजार गार्डन सूरजकुंड रोड पर मांस पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो दो युवक सड़क से मांस एकत्र करते मिले। पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान सोहेल उर्फ कुतरु और साकिब निवासी गांव फतेहपुर तगा के रूप में बताई।
पुलिस ने आरोपियों से मांस ले जाने संबंधी लाइसेंस और परमिट मांगा, लेकिन वे कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद निजी कांटे से मांस का वजन कराया गया, जिसमें कुल 35 किलो मांस बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से मांस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया। मौके पर बुलाए गए पशु चिकित्सक ने जांच के बाद अपनी रिपोर्ट में बरामद मांस को ऊंट का मांस बताया। पुलिस का आरोप है कि दोनों युवक बिना लाइसेंस और परमिट के ऊंट का वध कर उसका मांस बेचने के लिए ले जा रहे थे। सूरजकुंड थाना पुलिस ने 20 मई को भारतीय न्याय संहिता की धारा 325 और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11, 59 और 60 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब दोनों आरोपियों को अदालत से जमानत मिल चुकी है।