17 से 23 मई के बीच की गई कार्रवाई, 29.61 लाख रुपये किए बरामद
पूछताछ में 152 शिकायतों के निस्तारण का पुलिस ने किया दावा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगी के 10 मामलों की जांच करते हुए पुलिस ने बीते एक सप्ताह के दौरान 35 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनसे पूछताछ कर पुलिस ने 29.61 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस ने 152 शिकायतों के निस्तारण का दावा भी किया है।
पुलिस के अनुसार 17 से 23 मई के दौरान 10 मामलों में यह कार्रवाई की गई है। इनमें 4-4 केस साइबर क्राइम थाना सेंट्रल और बल्लभगढ़ के व दो केस एनआईटी थाने के हैं। 35 आरोपियों को गिरफ्तार कर कुल 2961440 रुपये बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही 346884 रुपये बैंक खातों में फ्रीज कराए गए हैं। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आज के तकनीकी युवक में लोग अपनी अधिकतर सुविधाएं ऑनलाइन लेने का प्रयास करते हैं और इन पर निर्भर होते जा रहे हैं। साइबर अपराधी इस निर्भरता का फायदा उठा कर लोगों को साइबर अपराध का शिकार बनाते हैं। ठगी के लिए साइबर अपराधी लोगों को विभिन्न प्रकार से लालच व डर दिखाकर ठगी को अंजाम देते हैं।
साइबर ठगी से बचाव के उपाय
- सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त जानकारी के अनुसार कोई एप डाउनलोड ना करें।
- सोशल मीडिया पर भेजे गए लिंक का प्रयोग ना करें।
- किसी भी अनजान नंबर से आये हुए लिंक पर क्लिक न करें। यदि आपको अपने खाते के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त करनी है तो बैंक की ओर से निर्धारित एप के द्वारा ही जानकारी प्राप्त करें।
- अगर आपके पास किसी अनजान नंबर से किसी ऑफर व किसी प्रकार का लाभ देने के संबंध में कॉल आए तो पंजीकृत नंबर से जानकारी लें और अपनी गोपनीय जानकारी जैसे बैक खाता विवरण, पैनकार्ड, आधार कार्ड की जानकारी सांझा ना करें।
- यदि कोई व्यक्ति आपको फोन या मैसेज करके कम समय में ज्यादा पैसे कमाने का लालच देता है तो समझ जाए कि वह साइबर ठग है।
- फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से पहले उसकी पूरी तरह से जांच कर लें।
- साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर कॉल कर शिकायत करें।