एंबुलेंस नेटवर्क होगा मजबूत, मरीजों को समय पर व बेहतर इलाज मिल सकेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में निजी अस्पतालों की एंबुलेंस को नियंत्रण कक्ष प्रणाली (कंट्रोल रूम सिस्टम) से जोड़ने की तैयारी पूरी कर ली गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिले में 21 एंबुलेंस सक्रिय हैं, जो सड़क दुर्घटनाओं में घायलों और गर्भवतियों को अस्पताल या स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने का कार्य करती हैं। अब निजी अस्पतालों की 24 एंबुलेंस भी जोड़ी जा रही हैं, जिनको जीपीएस सिस्टम से लिंक किया जा रहा है।
इससे एंबुलेंस सेवा में सुधार देखने को मिलेगा और आपातकालीन स्थिति में कई लोगों को मदद मिलेगी। इसके माध्यम से एंबुलेंस नेटवर्क और ज्यादा मजबूत होगा। वर्तमान में सरकारी एंबुलेंस 21 हैं, जिसके लिए 56 ड्राइवर स्वीकृत हैं लेकिन केवल 33 ड्राइवर ही ड्यूटी पर हैं। इसके कारण या तो ड्राइवर समय पर मौके पर पहुंच नहीं पाते या फिर दूसरी शिफ्ट में कार्य करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्राइवेट एंबुलेंस को कंट्रोल रूम से जोड़ा जा रहा है।
112 पर कॉल करते ही लोकेशन कर भेजा जाएगी एंबुलेंस
यदि कोई मरीज आपातकालीन स्थिति में डायल 112 पर कॉल करेगा, तो पुलिस कंट्रोल रूम पंचकूला से लोकेशन को ट्रैक कर सबसे करीब उपलब्ध एंबुलेंस को तुरंत लोकेशन पर भेजा जाएगा। जिससे एंबुलेंस समय पर मरीज तक पहुंच सकेगी। वह एंबुलेंस प्राइवेट भी हो सकती है। फिलहाल इस प्रक्रिया में कुछ औपचारिकताएं पूरी करनी बाकी हैं, उसको भी जल्द पूरा किया जाएगा।
वर्जन
निजी अस्पतालों की 24 एंबुलेंस को इस प्रणाली से जोड़ना सराहनीय कार्य है। इससे सड़क दुर्घटना के मरीजों व गर्भवतियों को समय पर बेहतर इलाज मिल सकेगा। इस नई व्यवस्था से लोगों को न सिर्फ तेजी से सेवा मिलेगी, बल्कि उन्हें एक बेहतर स्वास्थ्य प्रणाली का एहसास भी होगा। -
डॉ. एमपी सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी