शहर की एक रियल एस्टेट कंपनी से हुई ठगी, ईमेल भेजकर किया फर्जीवाड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बीपीटीपी थाना इलाके में एक कारोबारी को जमीन दिलाने के नाम पर 3.29 करोड़ रुपये ठग लिए गए। कारोबारी ने आरोप लगाया है कि इसमें बैंक कर्मचारियों की भी मिलीभगत है। आरोपियों ने फर्जी ईमेल आईडी से खाता नंबर भेजकर उसमें रुपये ट्रांसफर करा लिए। बैंककर्मियों के अलावा दो अन्य लोगों पर भी आरोप लगा है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि बीपीटीपी थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस को ये शिकायत सेक्टर-17 स्थित बिल्डर कंपनी के निदेशक शुभम जैन ने दी है। आरोप है कि करीब नौ महीने पहले कंपनी के एक शेयर होल्डर की मुलाकात संजय गर्ग नामक व्यक्ति से हुई थी। उन्होंने बताया कि उनका परिचित मुंबई निवासी पीयूष पांडेय आर्सेक इंडिया लिमिटेड में कार्यरत है। ये दोनों मिलकर बैंक की अधिग्रहित प्रॉपर्टी में डील करते हैं। इसके बाद संजय गर्ग बिल्डर कंपनी अधिकारियों के संपर्क में रहा।
आरोप है कि पीयूष पांडे ने आर्सेक इंडिया लिमिटेड कंपनी की एक फर्जी ईमेल आईडी तैयार कर 80 एकड़ जमीन को ऑक्शन में दिलाने का झांसा दिया। इसके लिए आरोपी ने एक खाता नंबर देकर उसमें 3.29 करोड़ रुपये ट्रांसफर करा लिए। आरोप है कि 9 से 24 सितंबर के दौरान सेक्टर-79 आईसीआईसीआई बैंक से ये ट्रांजेक्शन कराई है। बाद में आर्सेक कंपनी से पता चला कि उन्होंने तो ईमेल भेजी ही नहीं और पीयूष पांडेय उनके यहां कर्मचारी भी नहीं है। आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद अब बीपीटीपी थाना में ये एफआईआर दर्ज हुई है।