जांगिड़ महासभा के अधिवेशन में लांच की गई दो वेबसाइट
फरीदाबाद। अखिल भारतीय जांगिड़ महासभा का त्रिमासिक अधिवेशन सेक्टर-21 डी के अग्रवाल सेवा सदन में आयोजित किया गया। अधिवेशन में हरियाणा के 22 जिलों के अध्यक्ष, फरीदाबाद की 7 शाखा सभा के कार्यकर्ता, 16 प्रदेशों के प्रदेशाध्यक्ष शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दी प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान महासभा के नवगठित राजनीतिक प्रकोष्ठ के लिए नियुक्तियों की घोषणा भी की गई।
अधिवेशन में जांगिड़ विश्वकर्मा समाज से जुड़ी दो वेबसाइट का भी लोकार्पण भी किया। इन वेबसाइट के जरिए से समाज से जुड़ा हुआ कोई भी व्यक्ति अपना नाम दर्ज करा सकता है। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि शंकर जांगिड़ ने कहा कि विश्वकर्मा समाज अब अपने लिए सही राजनीतिक मंच पाने की जद्दोजहद करेगा। इसके लिए राजस्थान, छत्तीसगढ़, और मध्यप्रदेश में होने वाले आगामी चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी के साथ ही अन्य राजनीतिक दलों को भी सही प्रतिनिधित्व देने के लिए कहा जाएगा। इसके लिए समाज में संबधित पार्टियों के पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यह पदाधिकारी अपनी-अपनी पार्टी से बात कर सकें। इसके अलावा अगर सही संख्या बल होते हुए भी किसी पार्टी ने टिकट नहीं दी तो महासभा उस सीट से अपना उम्मीदवार खड़ा करेगी। उन्होंने कहा कि समाज को दहेज प्रथा से बचाने और शादी विवाह में फिजूल खर्ची रोकने के लिए सामूहिक विवाह पर बल देना आज की सबसे बड़ी जरूरत है। इसके लिए प्रत्येक जिला स्तर पर सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाना चाहिए।