डॉक्टर ने माफी मांगी, कर्मचारी का बदला कार्यक्षेत्र
फरीदाबाद। बीके सिविल अस्पताल में एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को थप्पड़ मारने के प्रकरण में आरोपी डॉक्टर ने माफी मांग ली है। इसके साथ ही दोनों के बीच समझौता हो गया है। कर्मचारी की सहूलियत के लिए उसका कार्यक्षेत्र भी बदल दिया गया है।
पिछले दिनों अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर सुशील अहलावत ने चाय न बनाने पर नाराज होकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी करण को थप्पड़ मार दिया था। यह प्रकरण काफी चर्चा में रहा था। अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने इसके विरोध में प्रदर्शन कर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की थी। कर्मचारियों के विरोध को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मामले की जांच बैठा दी थी। पीड़ित करण ने बताया कि कुछ दिन पूर्व ही डॉक्टर सुशील ने वरिष्ठ अफसरों के सामने उससे माफी मांग ली है। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। करण ने बताया कि बार-बार डॉक्टर सुशील द्वारा की गई बदतमीजी के चलते अब उसे मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्य में ही अटैच कर दिया गया है।