भाईचारा बढ़ाने को कांग्रेसियों ने किया सामूहिक उपवास
फरीदाबाद। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर बल्लभगढ़ अनाज मंडी स्थित कांग्रेस कार्यालय पर युवा कांग्रेस ने उपवास रखा। लोगों को जाति और संप्रदाय के नाम पर बांटने का आरोप लगाते हुए कांग्रेसियों ने भाजपा को जमकर कोसा। कांग्रेसियों का कहना था कि उनका यह एक दिवसीय उपवास आपसी प्रेम और भाईचारे को बढ़ाने के लिए है।
कांग्रेस नेता तरुण तेवतिया ने कहा कि भाजपा ने शुरू से ही सांप्रदायिक व हिंसा फैलाने वाली ताकतों को बढ़ावा दिया है। इससे देश भर में आपसी भाईचारा खत्म हो रहा है। इन दिनों देश व प्रदेश में अलग-अलग मुद्दों को लेकर धरना प्रदर्शनों का सिलसिला जारी है। एक समस्या खत्म भी नहीं होती और दूसरी खड़ी हो जाती है। नोटबंदी, जीएसटी, किसानों की आत्महत्याएं, बैंक घोटाले, बेरोजगारी और प्रश्नपत्रों का लीक होना भाजपा शासनकाल में आम हो गया है। इससे देश व प्रदेश की जनता डरी हुई है।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 1989 में जिस एससी/एसटी अत्याचार अधिनियम को दलितों का सुरक्षा कवच बनाया था, मौजूदा भाजपा सरकार ने उसे कमजोर करने का काम किया है। यह भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। इसके विरोध में कांग्रेस ने सामूहिक उपवास का आयोजन किया है। इस मौके पर सिद्धार्थ प्रताप सिंह, गौतम पराग, वरूण तेवतिया, विनय भाटी, बंटी हुड्डा, धीरज रावज, अमित तंवर, अरुण डागर, बच्चू रावत, सुरजीत सिंह, मनोज भड़ाना, दीपक भड़ाना, सुरेंद्र और इंद्रराज आदि मौजूद रहे।