-वन विभाग की कार्रवाई से कारोबारियों में मचा हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। वन विभाग ने शहर की लकड़ी मार्केट में लंबे समय से अवैध रूप से संचालित आरा मशीनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 आरा मशीनों को सील कर दिया। इस कार्रवाई से लकड़ी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि शहर की लकड़ी मार्केट में करीब 100 से अधिक आरा मशीनें संचालित हो रही हैं, जिनमें से अधिकांश के पास न तो वैध लाइसेंस हैं और न ही वन विभाग की आवश्यक अनुमति। वन विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि लकड़ी मार्केट में नियमों को ताक पर रखकर आरा मशीनें चलाई जा रही हैं। जिनसे लकड़ी को इन आरा मशीनों के माध्यम से चीरकर बाजार में खपाया जा रहा है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग की टीम ने योजना बनाकर अचानक छापेमारी की और अवैध रूप से चल रही 24 आरा मशीनों को मौके पर ही सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान वन विभाग की टीम ने मशीनों के दस्तावेजों की जांच की। जांच में सामने आया कि कई संचालक नवीनीकरण कराए बिना ही वर्षों से मशीन चला रहे थे, जबकि कुछ के पास तो कोई रिकॉर्ड ही नहीं मिला।
डिप्टी रेंजर इदरीष खान का कहना है कि अवैध आरा मशीनों के संचालन से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है। जंगलों से अवैध कटान कर लाई जा रही लकड़ी को इन्हीं मशीनों के माध्यम से बाजार में सप्लाई किया जाता है, जिससे पर्यावरण संतुलन भी बिगड़ता है। विभाग ने साफ कर दिया है कि भविष्य में भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
-
दस्तावेज जुटाने में लगे कारोबारी
कार्रवाई के बाद लकड़ी मार्केट के कई संचालकों ने मशीनें बंद कर दीं, जबकि कुछ ने आनन-फानन में दस्तावेज जुटाने शुरू कर दिए। वन विभाग ने चेतावनी दी है कि जिन आरा मशीनों को नियमों के तहत वैध नहीं पाया जाएगा, उनके खिलाफ न केवल सीलिंग बल्कि कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।