84 पालों की सरदारी द्वारा जसाना में आयोजित किया गया सम्मान समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। 84 पालों की सरदारी द्वारा गांव जसाना में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, एनआईटी विधायक सतीश फोगाट और होडल विधायक हरिंदर सिंह भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि आज फरीदाबाद के हर गांव में 24 घंटे बिजली की आपूर्ति हो रही है। पहले केवल शहरों तक सीमित यह सुविधा अब गांवों तक पहुंची है। सड़कों और यातायात व्यवस्था में भी बड़ा सुधार हुआ है जहां पहले हर चौराहे पर जाम की स्थिति रहती थी, वहीं आज बदरपुर बॉर्डर से लेकर कर्मन बॉर्डर तक जाम मुक्त आवागमन संभव हुआ है। साथ ही दिल्ली-वडोदरा-मुंबई कॉरिडोर से जुड़ाव और जेवर एयरपोर्ट व केएमपी से कनेक्टिविटी ने क्षेत्र के विकास को नई गति दी है।
उन्होंने बताया कि होडल में यमुना पर पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है जिससे क्षेत्र को उत्तर प्रदेश से जोड़ा जाएगा। इसके अतिरिक्त नहर पर कई नए पुलों का निर्माण कर यातायात को जाम मुक्त बनाया गया है। रेलवे स्टेशन और बुनियादी ढांचे के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि लगभग 300 करोड़ की लागत से फरीदाबाद का ओल्ड रेलवे स्टेशन एयरपोर्ट जैसी सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। बल्लभगढ़ और पलवल के रेलवे स्टेशन भी नए स्वरूप में बनाए जा रहे हैं। इस अवसर पर पार्षद मनोज वशिष्ठ, सरपंच अंजलि, ब्लॉक चेयरमैन छत्रपाल, ब्लॉक मेंबर विनोद, अजय बैंसला, मुकेश बंसल, धर्मपाल, ओमी भगत सहित 84 पालो की सरदारी मौजूद रही।