अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। धौज थाना एरिया में इंस्टाग्राम पर रील बनाने के दौरान एक युवक ने हवाई फायरिंग कर दी। आस-पास के लोग गोली की आवाज सुनकर बाहर निकले तो आरोपी युवक वहां से भाग गया। आरोपी ने फायरिंग की रील इंस्टाग्राम पर पोस्ट की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि धौज थाना पुलिस ने मामले में युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने आरोपी युवक हन्नान को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस को मामले में शिकायत एक अधिवक्ता की ओर से दी गई है। पुलिस आयुक्त कार्यालय में ये शिकायत 15 मई को दी गई थी। जिसे पुलिस उपायुक्त मुख्यालय कार्यालय से प्राथमिक जांच के बाद धौज थाना पुलिस को भेजा गया। अधिवक्ता ने दी शिकायत में कहा है कि हन्नान नामक युवक ने मादलपुर एरिया में हवाई फायर करते हुए रील बनाई है। आरोपी ने ये रील इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट की हुई है। आरोप है कि गोली की आवाज सुनकर पहले तो लोगों को लगा कि कोई पटाखे जला रहा है। लेकिन आस-पड़ोस के लोग बाहर निकले तो पाया कि युवक ने गोली चलाई है। लोगों को देखकर आरोपी युवक वहां से भाग गया। शिकायत पर धौज थाना में शनिवार को आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।
वहीं सोशल मीडिया पर रील देखने के बाद पुलिस ने आरोपी युवक की पहचान की। जिसके बाद शनिवार देर रात ही युवक को गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने लाइसेंसी पिस्तोल से रील बनाने के हवाई फायरिंग की थी।