1097 ठिकानों पर की गई छापेमारी, बड़ी संख्या में अवैध हथियार बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर हरियाणा पुलिस की ओर से 1 दिसंबर से चलाए जा रहे ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत पुलिस सख्ती से कार्रवाई कर रही है। बीते 24 दिन में पुलिस की टीमों ने जिले में 1097 ठिकानों पर छापेमारी की है। इस दौरान 139 एफआईआर दर्ज कर 238 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के तहत पुलिस टीमें अवैध नशा, अवैध हथियार, शराब, जुआ/सट्टा व संगीन अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 29 देसी कट्टे, 4 पिस्टल, 8 कारतूस, 23.723 किलो गांजा, 22.95 ग्राम स्मैक, 1663 बोतल देसी, 312 बोतल अंग्रेजी शराब, जुआ के 31970 रुपए बरामद किये हैं।
बुधवार 24 दिसंबर को अपराध शाखा एवीटीएस की टीम ने डबुआ कॉलोनी के रहने वाले भीम को 1.150 किलो गांजा के साथ गाजीपुर रोड से गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने कुरैशीपुर गांव के प्रिंस उर्फ काले को एनएचपीसी चौक बाईपास रोड के पास से देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपियों पर कार्रवाई करने के साथ-साथ मानवीय व सामाजिक कार्य भी कर रही है। फरीदाबाद पुलिस ने सर्दी के मौसम में 503 जरूरतमंदों को सहायतार्थ कंबल बांटे गये। स्लम क्षेत्र में बच्चों को जूते-चप्पल भी बांटे गए हैं।