आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पुलिस ने दस जुलाई को शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाकर 23 अलग-अलग मामलों में 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4150 बोतल अंग्रेजी व देशी और 27,800 रुपये नकद जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने अनखीर सब्जी मंडी के पीछे से रामेश्वर विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया। इसके कब्जे से 54 पेटी और 40 खुले पव्वों सहित कुल 2740 पव्वे देशी शराब मिली। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह यह शराब राहुल तंवर उर्फ भूरा के कहने पर बेच रहा था। इसके अलावा अपराध शाखा सेक्टर-30 ने 20 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ आसिफ, सेक्टर-16 ने 88 पव्वे देशी शराब और 27,800 रुपये के साथ तनुज, सेक्टर-65 ने 152 पव्वे देशी शराब के साथ दीपांशु, सिकरोना शाखा ने संतोष और अक्षय को 50 व 52 पव्वे देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। ऊंचा गांव शाखा ने राहुल और सेक्टर-48 ने कुलदीप को 100-100 पव्वे देशी शराब के साथ पकड़ा।
इसी प्रकार अपराध शाखा सेक्टर-56 ने शिवाजी से 75 पव्वे और 12 बोतल देशी शराब, अपराध शाखा एनआईटी ने मुकेश से 50 पव्वे देशी और 48 पव्वे अंग्रेजी शराब व अपराध शाखा बॉर्डर ने इशांत से 100 पव्वे देशी शराब बरामद की। थाना और चौकी स्तर पर भी कार्रवाई करते हुए विभिन्न टीमों ने कई आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से देशी और अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब की तस्करी और बिक्री रोकने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।