शराब ठेके के पास नहीं थी हुडा की एनओसी, सील
फरीदाबाद। सेक्टर-48 में शराब ठेका बंद करवाने की मांग पर धरना दे रहीं महिलाओं की मेहनत पांचवें दिन रंग लाई। बृहस्पतिवार को आखिरकार हुडा विभाग की टीम ने नगर निगम अधिकारियों के साथ मिलकर ठेका सील कर दिया। सील करने पहुंची टीम के अधिकारियों का कहना था कि इस शराब ठेकेदार ने हुडा से ठेका खोलने के लिए जगह की अनुमति नहीं ली थी। उधर, कांग्रेस लोकसभा प्रत्याशी अवतार भड़ाना की पत्नी ममता भड़ाना भी धरना स्थल पर पहुंची और महिलाओं का अनशन खत्म कराया।
संस्कार फाउंडेशन की महिलाएं पिछले पांच दिन से सेक्टर 48 में हुडा की बिना स्वीकृति के खुले शराब ठेका बंद करवाने की मांग पर धरना दे रही थी। महिलाओं का आरोप था कि ठेकेदार ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण से कोई एनओसी नहीं ली। नेताओं की सह पर ठेका चल रहा है। इसकी जानकारी प्रशासन को होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। बृहस्पतिवार को हुडा व नगर निगम अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और ठेके को सील कर दिया। संस्कार फाउंडेशन की संयोजक परमिता चौधरी ने इस जीत की बधाई साथी महिलाओं को दी। उन्होंने कहा कि अखिरकार महिलाओं का संघर्ष रंग लाया। इस अवसर पर राज शर्मा, रेहमानी खान, ललिता देवी, सीमा भारद्वाज, डा. आलोक दीप, रेनू चौधरी, राज शर्मा, ललिता, पूनम भाटिया, शबनम, मीनू शाहनी, सुदेश, कृष्ण देवी, सत्य झा, कोमल, मंजू अहुजा, बाबा राम केवल, जसवंत पवार सहित अनेक महिलाएं मौजूद रही।
हुडा सर्वे विभाग के एसडीओ दिनेश सिंगला ने बताया कि जिस जगह पर उक्त ठेेका संचालित किया जा रहा था, वह हुडा की जमीन है। इसके लिए शराब ठेकेदार ने हुडा से अनुमति नहीं ली थी। अवैध रूप से संचालित किए जा रहे इस ठेके को बृहस्पतिवार को सील कर दिया गया।