तीन देशों में खेलेंगे फरीदाबाद के आदर्श सिंह
फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी फरीदाबाद के शूटर आदर्श सिंह का चयन चीन सहित तीन देशों में होने वाले जूनियर एवं सीनियर विश्वकप के लिए हुआ है। उनके चयन से घर और स्कूल में खुशी की लहर है।
12वीं कक्षा के छात्र आदर्श के पिता हरेंद्र सिंह ने बताया कि आदर्श ने दिल्ली स्थित कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में चल रहे ट्रायल के दौरान 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल इवेंट में निशाना साधा था। ट्रायल में उन्होंने 585 अंक प्राप्त करके विश्वकप में अपना स्थान पक्का किया था। उन्होंने बताया कि बेटे से विश्वकप में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है। अगर वह बेहतर प्रदर्शन करता है तो उन्हें अगले वर्ष टोक्यो ओलंपिक के लिए कोटा भी प्राप्त हो सकता है। उन्होंने बताया कि उनका चयन अगले माह 21 से 29 अप्रैल तक चीन के बीजिंग में होने वाले सीनियर वर्ल्डकप, 12 से 20 जुलाई को जर्मनी के सूहल में होने वाले वर्ल्ड कप, रियो में 26 अगस्त से तीन सितंबर तक होने वाले वर्ल्ड कप और जर्मनी के म्युनिख में 24 से 31 मई तक होने वाले जूनियर एवं सीनियर वर्ल्ड कप के लिए चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि पिछले साल आदर्श ने ऑस्ट्रेलिया में हुए जूनियर वर्ल्डकप में रजत पदक जीता था। इसके अलावा त्रिवेंद्रम में हुई नेशनल चैंपियनशिप में 15 पदक जीतकर रिकॉर्ड बनाया था।